यह बात इनेलो की महिला प्रदेश प्रभारी सुनैना चौटाला ने फतेहाबाद हलके के अपने ग्रामीण दौरे के दौरान सरवरपुर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कही। पूर्व उपप्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी देवीलाल जी की 113वीं जयंती पर 27 सितंबर को नूंह (मेवात) में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय सम्मान दिवस रैली तथा 10 अगस्त को फतेहाबाद के सेतिया पैलेस में इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला की विशाल जनसभा को सफल बनाने के लिए इनेलो नेताओं ने कमर कस ली है।
इसी कड़ी में शुक्रवार को सुनैना चौटाला और इनेलो जिला प्रधान बीकर सिंह हड़ौली ने वरिष्ठ नेताओं के साथ हलके के गांवों का दौरा शुरू किया। दौरे के दौरान ग्रामीणों से रूबरू होते हुए सुनैना चौटाला ने भाजपा सरकार पर फतेहाबाद की अनदेखी के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सरकार का मूल दायित्व जनता को शिक्षा, सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं देना है, लेकिन हरियाणा में भाजपा शासन के दौरान फतेहाबाद में न कोई नया स्कूल बना और न कॉलेज।
हद तो यह है कि फतेहाबाद में मेडिकल कॉलेज का सपना दिखाकर वोट बटोरे गए और अब उसे टोहाना शिफ्ट करने की तैयारी की जा रही है, जो फतेहाबाद की जनता के साथ बहुत बड़ा धोखा है। उन्होंने कहा कि किसान अपनी खराब फसलों के मुआवजे और फसलों के उचित भाव के लिए दर-दर भटक रहे हैं, वहीं प्रदेश में महिला अपराधों में रिकॉर्ड बढ़ोतरी से असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। सुनैना चौटाला ने ग्रामीणों से इनेलो को मजबूत करने की अपील करते हुए बताया कि आगामी 10 अगस्त को सिरसा रोड स्थित सेतिया पैलेस में दोपहर 12 बजे इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला और प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा फतेहाबाद हलके की विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।
उन्होंने ग्रामीणों से इस जनसभा और नूंह रैली में अधिक से अधिक संख्या में पहुँचने का आह्वान किया। ग्रामीण दौरे के दौरान इनेलो हलका प्रधान अंगद ढिंगसरा, भागीराम सोनी, रामस्वरूप दुग्गल, डॉ. नफे सिंह जाखड़, अजय मांझू, सुशीला पिलानियां, नरेण पोटलिया, मनजीत हड़ौली, अमित ढाबी कलां, बिल्लू ढाबी कलां, राज मेहूवाला, सुनील कम्बोज, विजय मेहूवाला, उमराव सिंह सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता प्रमुख रूप से मौजूद रहे।





