प्रयागराज : प्रयागराज के वरिष्ठ चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) नीरज अग्रवाल को भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्थान (आईसीएआई) की ओर से परिषद वर्ष 2026–27 के लिए प्रोफेशनल डेवलपमेंट कमेटी में आमंत्रित सदस्य के रूप में नामित किया गया है।
नीरज अग्रवाल ने रविवार को भेंट वार्ता के दौरान बताया कि आईसीएआई के अध्यक्ष सीए प्रसन्न कुमार डी द्वारा प्रेषित संदेश में कहा गया है कि "सीए नीरज अग्रवाल का समृद्ध अनुभव एवं विशेषज्ञता समिति के कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान देगा तथा उनकी सहभागिता से समिति की गतिविधियों को और मजबूती मिलेगी।"
उल्लेखनीय है कि, सीए नीरज अग्रवाल शहर के वरिष्ठ चार्टर्ड अकाउंटेंट एवं कर विशेषज्ञ हैं, जो अपने व्यापक अनुभव एवं पेशेवर कार्यशैली के लिए विशेष पहचान रखते हैं। वे महाकुम्भ से जुड़े ऑडिट कार्यों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं तथा पुलिस मुख्यालय के ऑडिटर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
इसके अतिरिक्त वे प्रयागराज स्मार्ट सिटी से जुड़े कार्यों में भी कई वर्षों से अपनी पेशेवर सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। साथ ही, प्रयागराज आईईआरटी तथा ट्रिपल आईटी इलाहाबाद जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं को भी लम्बे समय से अपनी विशेषज्ञ सेवाएं दे रहे हैं।
सीए नीरज अग्रवाल की इस महत्वपूर्ण नियुक्ति पर चार्टर्ड अकाउंटेंसी जगत, व्यावसायिक समुदाय एवं शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे प्रयागराज के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया और उन्हें बधाई दी।





