BREAKING NEWS

पश्चिम बंगाल में बढ़ाई गई सुरक्षा, 50 कंपनियां केंद्रीय बल की तैनाती

पश्चिम बंगाल में बढ़ाई गई सुरक्षा, 50 कंपनियां केंद्रीय बल की तैनाती

पश्चिम बर्दवान। पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और आगामी त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए केंद्र सरकार ने राज्य में 50 कंपनी अतिरिक्त केंद्रीय अर्धसैनिक बल भेजे हैं। इसके साथ ही राज्य में केंद्रीय बलों की कुल तैनाती बढ़कर करीब 100 कंपनी हो गई है।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, रविवार रात करीब आठ बजे केंद्रीय बलों की छह कंपनियां आसनसोल रेलवे स्टेशन पहुंचीं। इन जवानों को राज्य के विभिन्न संवेदनशील इलाकों में तैनात किया जाएगा।

बताया जा रहा है कि चुनाव के बाद राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए केंद्रीय बलों की कई कंपनियां पहले से तैनात थीं। स्थिति सामान्य होने के बाद करीब 100 कंपनियों को वापस बुला लिया गया था। अब त्योहारों के मौसम को देखते हुए एक बार फिर 50 कंपनी अतिरिक्त बल भेजे गए हैं।

नई तैनाती में बीएसएफ, सीआरपीएफ और एसएसबी के जवान शामिल हैं। इनका मुख्य कार्य संवेदनशील इलाकों में गश्त और रूट मार्च करना, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना तथा स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय कर किसी भी तरह की अशांति को रोकना होगा।

आगामी दुर्गा पूजा को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को विशेष रूप से मजबूत किया जा रहा है। त्योहार के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के सड़कों पर निकलने को देखते हुए भीड़ नियंत्रण और आम लोगों की सुरक्षा प्रशासन के लिए अहम चुनौती होती है।

अतिरिक्त केंद्रीय बलों की तैनाती से संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के साथ ही आम लोगों में भी सुरक्षा का भरोसा बढ़ने की उम्मीद है।

प्रशासन का कहना है कि केंद्रीय बलों की तैनाती का उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखना और त्योहारों के दौरान शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करना है।

Subscribe Now