BREAKING NEWS

हाईवे पर सीएनजी सिलेंडर लीक से मचा हड़कंप, चालक की समझदारी से बची बड़ी अनहोनी

हाईवे पर सीएनजी सिलेंडर लीक से मचा हड़कंप, चालक की समझदारी से बची बड़ी अनहोनी


पलामू। पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के सदर थाना क्षेत्र के जोड़ में गुरुवार को नेशनल हाईवे-39 पर सीएनजी गैस सिलेंडर लीक होने से करीब एक घंटे तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। पाइप फटने के कारण ट्रक में रखे सीएनजी सिलेंडरों से गैस का रिसाव होने लगा। हालांकि चालक ने तत्परता और सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक को हाईवे से हटाकर जंगल-झाड़ियों की ओर मोड़ दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

ट्रक चतरा के हरहर से 60 सीएनजी सिलेंडर लेकर पलामू के पड़वा थाना क्षेत्र के लोहड़ा गया था। वहां से लौटने के दौरान जोड़ के पास नेशनल हाईवे पर सिलेंडरों से सीएनजी गैस का रिसाव शुरू हो गया। चालक ने तत्काल इसकी सूचना सदर थाना पुलिस को दी और ट्रक को मुख्य सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान की ओर ले गया।

सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी पुलिस टीम और जोड़ पिकेट के जवानों के साथ मौके पर पहुंचे। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने नेशनल हाईवे को कुछ समय के लिए वन-वे कर वाहनों को डायवर्ट कराया, ताकि गैस रिसाव के बीच किसी तरह की दुर्घटना न हो। घटना की गंभीरता को देखते हुए दमकल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया।

बताया गया कि ट्रक में कुल 650 किलोग्राम सीएनजी लोड थी। रिसाव के दौरान 60 में से पांच सिलेंडरों से गैस लीक हुई। गैस हवा में फैलने के कारण आसपास का वातावरण प्रभावित हुआ और कुछ लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई। इलाके में करीब एक घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।

कंपनी से तकनीकी जानकारी लेने के बाद वाल्व को बंद कर गैस रिसाव रोक दिया गया। इसके बाद स्थिति सामान्य हुई। सदर थाना प्रभारी ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और गैस लीकेज बंद कर दिया गया है।

सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस ने कुछ देर तक हाईवे पर यातायात को वन-वे रखा और वाहनों को नियंत्रित तरीके से आगे बढ़ाया। चालक की तत्परता और पुलिस-प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से संभावित बड़े हादसे को टालने में सफलता मिली।

--------------

Subscribe Now