BREAKING NEWS

हिमालय संग्रहालय में गिर्दा-प्रताप भैया की यादें, 31 अगस्त तक प्रदर्शनी

हिमालय संग्रहालय में गिर्दा-प्रताप भैया की यादें, 31 अगस्त तक प्रदर्शनी

नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर नैनीताल स्थित हिमालय संग्रहालय में नैनीताल निवासी प्रदेश के दिवंगत जनकवि गिरीश तिवारी ‘गिर्दा’ और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री रहे और प्रदेश में कई जगह विद्यालय खोलकर शिक्षा की अलख जगाने वाले प्रताप भैया के स्मृति दिवस पर उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर आधारित प्रदर्शनी शनिवार को शुरू हो गयी। बताया गया है कि नई पीढ़ी को इन दोनों विभूतियों के योगदान से परिचित कराने के उद्देश्य से आयोजित यह प्रदर्शनी 31 अगस्त तक आमजन के लिए खुली रहेगी।

प्रदर्शनी का अवलोकन सबसे पहले स्नातक प्रथम वर्ष कला के विद्यार्थियों ने किया। इस दौरान सहायक क्यूरेटर डॉ. भुवन शर्मा ने गिर्दा और प्रताप भैया के जीवन, सामाजिक योगदान और सांस्कृतिक विरासत पर विस्तार से जानकारी दी तथा गिर्दा के जनगीत भी प्रस्तुत किए।

 इसके बाद परिसर के विद्यार्थियों, शोधार्थियों और प्राध्यापकों ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस अवसर पर इतिहास विभागाध्यक्ष प्रो. संजय घिल्डियाल, हिमालय संग्रहालय प्रभारी प्रो. सावित्री कैड़ा जंतवाल, प्रो. संजय टम्टा, डॉ. शिवानी रावत, डॉ. मनोज बाफिला, डॉ. पूरन सिंह अधिकारी, डॉ. हरदयाल सिंह जलाल, डॉ. वीरेंद्र पाल, डॉ. शिवराज सिंह कपकोटी, भुवन पाठक, अनूप कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Subscribe Now