BREAKING NEWS

मध्य प्रदेश: पेंचवैली एक्सप्रेस के एसी कोच में आग लगने से मचा हड़कंप

मध्य प्रदेश: पेंचवैली एक्सप्रेस के एसी कोच में आग लगने से मचा हड़कंप

- चेन खींचकर रोकी ट्रेन, 72 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला

भोपाल। नैनपुर से इंदौर के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 19344- पेंचवैली एक्सप्रेस के बी2 एसी कोच में बुधवार तड़के 4 बजे आग लग गई। कोच में अचानक धुआं निकलने से अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन रोककर यात्रियों को तुरंत बाहर निकाला गया।

घटना इटारसी से पहले पोला पत्थर स्टेशन के पास हुई। बताया जा रहा है कि कोच में करीब 72 यात्री सफर कर रहे थे। इनमें बच्चे और महिलाएं भी शामिल थे। समय रहते ट्रेन रोककर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

गाड़ी संख्या 19344 पेंचवैली एक्सप्रेस भोपाल की ओर आ रही थी। बी-2 कोच पूरा भरा था और यात्री गहरी नींद में सो रहे थे। सुबह करीब चार बजे पोला पत्थर रेलवे स्टेशन के पास बी-2 कोच में धुआं फैलने से यात्रियों को सांस लेने में तकलीफ होने लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एसी के पैनल से धुआं निकल रहा था। तुरंत चेन खींचकर ट्रेन रोकी गई।

यात्रियों ने बताया कि एसी पैनल में आग लगने के बाद उससे चिंगारियां निकलने लगीं। फायर अलार्म बजने लगे और लाइट बंद-चालू होने लगी। इससे यात्री घबरा गए। बाहर निकलते समय वे हड़बड़ी में बिना सामान के ही उतर गए।

हादसे की जानकारी मिलते ही रेलवे के करीब 35 अधिकारी-कर्मचारियों की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने जांच के बाद ट्रेन को आगे बढ़ने की परमिशन दी। घटना के बाद बी 2 कोच के सभी यात्रियों को आसपास के कोच में शिफ्ट किया गया। इसके बाद वे इन्हीं कोच में सवार होकर आगे का सफर कर रहे हैं।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में घटना का कारण एसी पैनल में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

---------------

Subscribe Now