BREAKING NEWS

एथेनॉल ब्लेंडिंग को लेकर गहलोत का वार, ‘बिना तैयारी के फैसले का खामियाजा भुगत रही जनता’

एथेनॉल ब्लेंडिंग को लेकर गहलोत का वार, ‘बिना तैयारी के फैसले का खामियाजा भुगत रही जनता’

जयपुर।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण की नीति को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। गहलोत ने एक्स पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि बिना पूरी तैयारी के पेट्रोल में बड़ी मात्रा में एथेनॉल मिलाने का फैसला देश की जनता के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की अदूरदर्शिता और गलत फैसलों का खामियाजा अब आम लोगों को कई मोर्चों पर भुगतना पड़ रहा है।

गहलोत ने अपनी पोस्ट में लिखा कि गन्ने का बड़ा हिस्सा चीनी उत्पादन के बजाय एथेनॉल बनाने में लगाया जा रहा है, जिससे बाजार में चीनी की उपलब्धता प्रभावित हुई है। उन्होंने दावा किया कि महज 15 दिनों में चीनी की कीमतों में 14 से 17 रुपए प्रति किलो तक का उछाल आया है। गहलोत ने इसे केवल महंगाई का मामला नहीं बताते हुए कहा कि एथेनॉल ब्लेंडिंग से वाहनों के इंजन को नुकसान पहुंचने और माइलेज कम होने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं, जिसका आर्थिक बोझ वाहन मालिकों को उठाना पड़ रहा है।

गहलोत ने आरोप लगाया कि इस पूरी व्यवस्था का लाभ चंद उद्योगपतियों और सरकार को मिल रहा है, जबकि आम जनता इसकी कीमत चुका रही है। उन्होंने एथेनॉल उत्पादन से हवा और पानी के प्रदूषण की शिकायतों का भी उल्लेख करते हुए केंद्र सरकार पर बिना पर्याप्त तैयारी के नीति लागू करने का आरोप लगाया।

पूर्व मुख्यमंत्री ने अपनी पोस्ट में इसे “आम आदमी की मेहनत की कमाई की लूट” करार देते हुए कहा कि मोदी सरकार अब जनता का भरोसा खो चुकी है और इसी कारण वह लोगों को अपने फैसलों के प्रति भरोसा नहीं दिला पा रही है।

Subscribe Now