धमतरी : शहर और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए स्टेट हाईवे मार्गों के चौड़ीकरण और नई बाईपास सड़कों के निर्माण की दिशा में काम तेज हो गया है। इसी क्रम में मिशन मैदान के आसपास फोरलेन सड़क निर्माण के लिए बाधा बन रहे बड़े-बड़े पेड़ों की कटाई शुरू कर दी गई। मशीनों की मदद से कई पेड़ों को हटाया गया, जिससे क्षेत्र में दिनभर गतिविधियां बनी रहीं।
जानकारी के अनुसार धमतरी शहर से जुड़े दो प्रमुख मार्ग मुजगहन रोड और सिहावा रोड—को फोरलेन बनाया जाना है। इसके लिए सिहावा रोड पर 760 तथा मुजगहन रोड पर 587 छोटे-बड़े पेड़ों की कटाई की जा रही है। रत्नाबांधा चौक से मुजगहन तक प्रस्तावित फोरलेन सड़क परियोजना की प्रक्रिया भी प्रारंभ हो चुकी है। प्रथम चरण में सड़क किनारे स्थित पेड़ों को हटाने का कार्य किया जा रहा है। कटाई के दौरान कई बार पेड़ों की शाखाएं सड़क पर गिरने से यातायात प्रभावित हुआ और राहगीरों को अस्थायी परेशानी का सामना करना पड़ा। आने वाले दिनों में यह कार्य और तेज गति से जारी रहेगा।
धमतरी में सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर एक साथ काम चल रहा है। रेलवे स्टेशन के पास मेहताब सिंह गैरेज से अटल चौक होते हुए संबलपुर तक लगभग साढ़े छह किलोमीटर लंबी बाईपास सड़क का निर्माण प्रस्तावित है। इस परियोजना का डीपीआर तैयार किया जा रहा है और भूमि अधिग्रहण का प्रस्ताव शासन को भेजा जा रहा है।
इसके अलावा छाती से देवपुर तक नौ किलोमीटर लंबी बाईपास सड़क के निर्माण का टेंडर हो चुका है। लगभग 21 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह सड़क क्षेत्रीय यातायात को नई दिशा देगी। छाती से नहर रोड कोलियारी तक भी एक अन्य बाईपास मार्ग विकसित किया जाएगा।





