BREAKING NEWS

जमशेदपुर में पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़, पैर में गोली लगने से घायल हुआ गबरू

जमशेदपुर में पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़, पैर में गोली लगने से घायल हुआ गबरू
जमशेदपुर :  सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के कचरा डिपो के पास मंगलवार तड़के करीब 3:30 बजे पुलिस और एक गिरफ्तार अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अपराधी जसप्रीत उर्फ गबरू ने बरामदगी के दौरान पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके बाएं पैर में लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया।

चेन स्नैचिंग मामले में हुई थी गिरफ्तारी

जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम सिदगोड़ा पुलिस ने एक महिला से चेन छीनकर भाग रहे दो अपराधियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान जसप्रीत उर्फ गबरू ने पुलिस को बताया कि छिनतई किए गए गहने, फर्जी नंबर प्लेट और घटना में प्रयुक्त बाइक को कचरा डिपो के पास छिपाकर रखा गया है।

बरामदगी के दौरान छीनी पुलिसकर्मी की पिस्टल

इसके बाद पुलिस टीम आरोपी को साथ लेकर सामान की बरामदगी के लिए कचरा डिपो पहुंची। पुलिस ने वहां से फर्जी नंबर प्लेट, बाइक और अन्य सामान बरामद किया। इसी दौरान गबरू ने कथित तौर पर एक पुलिस पदाधिकारी की पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

अचानक हुई इस घटना के बाद मौके पर मौजूद जवानों ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें गबरू के बाएं पैर में गोली लग गई। गोली लगने के बाद वह घायल होकर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया।

कई थानों की पुलिस पहुंची मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी, एएसपी सहित टेल्को, सीतारामडेरा, गोलमुरी, बर्मामाइन्स, बिष्टुपुर, बिरसानगर और कदमा थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल से खोखा भी बरामद किया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी के खिलाफ अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं या नहीं।

Subscribe Now