कटिहार। सावन मास की अंतिम सोमवारी के अवसर पर कटिहार जिले के आजमनगर प्रखंड स्थित सुप्रसिद्ध बाबा गोरखनाथ धाम में जलाभिषेक के लिए पहुंचे लाखों कांवरिया श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से भव्य पुष्पवर्षा की गई। बिहार सरकार के पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम के तहत शिवभक्तों के स्वागत और सम्मान में आसमान से फूलों की बारिश कर उनका अभिनंदन किया गया।
अंतिम सोमवारी के अवसर पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए जिला व पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। संपूर्ण कांवरिया मार्ग से लेकर मंदिर के गर्भगृह तक दंडाधिकारियों और पुलिस बल की तैनाती रही, जिससे श्रद्धालुओं का जलाभिषेक सुगम और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सका। श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों ने राज्य सरकार की इस पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की।





