सोशल मीडिया पर वायरल होने लोग अजीबोगरीब काम करते हैं, इसका एक और उदाहरण मध्य प्रदेश के ग्वालियर से सामने आया है। यहां एक युवक को इंस्टाग्राम पर वायरल होने की ऐसी दीवानगी चढ़ी कि उसने अपनी कार को ही किसिंग कार बना डाला। विदेशी ट्रेंड से प्रेरित होकर युवक की गर्लफ्रेंड ने पूरे साढ़े तीन घंटे मेहनत करके कार पर 3400 लिपस्टिक के निशान बना दिए। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचने लगा, लेकिन यह वायरल होने की कोशिश युवक को महंगी पड़ गई, क्योंकि इस पूरे मामले पर ग्वालियर ट्रैफिक पुलिस की नजर पड़ गई और मामला पुलिस थाने तक पहुंच गया।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक की कार पूरी तरह लिपस्टिक के निशानों से रंगी हुई है। वीडियो में युवक ने खुद बताया कि यह उसने वायरल होने के लिए किया था, ताकि इस तरह की अनोखी हरकत करने पर वीडियो सोशल मीडिया पर छा जाएगा। दिलचस्प बात यह रही कि गर्लफ्रेंड ने कार पर लिखे ठाकुर शब्द को भी नहीं बख्शा और उस पर भी किस के निशान बना दिए, जिसे बाद में पुलिस ने हटवाने के लिए कहा। युवक ने यह भी खुलासा किया कि उसकी गर्लफ्रेंड को यह आइडिया विदेश की किसी वीडियो को देखकर आया था, जहां इस तरह के कंटेंट को देखकर वीडियो वायरल होते देखे थे।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक युवक ने बताया कि उसने खुद ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था, जिसके बाद पुलिस ने कार को थाने बुलाकर कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक इससे कुछ दिन पहले भी पटेल नगर सिटी सेंटर इलाके में इसी कार का एक और वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें कार को तेज रफ्तार से बाजार में दौड़ाते हुए दिखाया गया था। उस वीडियो के सामने आते ही पुलिस ने कार मालिक को थाने बुलवाया था। मामला सामने आते ही ग्वालियर ट्रैफिक पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने न सिर्फ युवक पर 5500 रुपए का चालान थमाया, बल्कि उसे थाने बुलाकर अपने ही हाथों से कार पर लगे सभी निशान साफ करवाए।
युवक ने अन्य लोगों से अपील भी की कि कोई भी इस तरह की हरकत न करे, क्योंकि इसका खमियाजा भारी चालान के रूप में भुगतना पड़ सकता है। यह वीडियो और खबर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई, जिस पर यूजर्स ने जमकर प्रतिक्रियाएं दीं। कई यूजर्स ने इसे मजेदार अंदाज में लिया और हंसते हुए कहा कि आजकल वायरल होने के लिए लोग कुछ भी करने को तैयार हैं। एक यूजर ने लिखा- कहा से आते हैं ऐसे लोग, तो वहीं दूसरे यूजर ने पूछा कि आखिर 3400 चुम्मों की गिनती किसने की होगी। कुछ लोगों ने इसे प्यार की निशानी बताते हुए मजाकिया अंदाज में कहा कि इतनी मेहनत के बाद जुर्माना भरना पड़ा, तो कुछ ने इसे प्यार नहीं पागलपन बताया। कुल मिलाकर यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।





