- दिनारा थाना क्षेत्र के जोगिया गांव में तनाव, एसपी रौशन कुमार ने संभाला मोर्चा
बिक्रमगंज (रोहतास)। रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत भुई स्थित जोगिया गांव में बुधवार की सुबह एक सनसनीखेज घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। जोगिया गांव के ही अजीत तिवारी ने कथित तौर पर मनिहारी टोला निवासी 55 वर्षीय मजदूर चंद्रेश्वर चौधरी को अपने घर बुलाकर गोली मार दी। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी का घर फूंक दिया। इस घटना से इलाके में तनाव फैल गया, जिसे नियंत्रित करने के लिए एसपी को खुद मोर्चा संभालना पड़ा।
दरअसल, बुधवार की सुबह यह खबर फैली कि जोगिया गांव निवासी अजीत तिवारी ने अपने दरवाजे पर बुलाकर मजदूर की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपित ने कथित तौर पर चंद्रेश्वर चौधरी के शव को अपने वाहन में रखा और कहीं फरार हो गया। इस बात की सूचना मिलते ही गांव में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपित अजीत तिवारी के घर में आग लगा दी, जिससे घर में रखा लाखों रुपये के मूल्य का सामान जलकर राख हो गया।
घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया है। सूचना पर दिनारा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों के विरोध और आक्रोश के कारण स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। हालात को नियंत्रित करने के लिए बिक्रमगंज के डीएसपी सिंधु शेखर सिंह कई थानों की पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन लोगों का गुस्सा शांत नहीं हो सका। बाद में रोहतास पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया गया। समाचार लिखे जाने तक मृतक का शव बरामद नहीं किया गया था।





