सड़क पर शव रख ग्रामीणों का उग्र प्रदर्शन, आगजनी कर घंटों जाम रखा भोरे-मीरगंज मुख्य पथ
भोरे (गोपालगंज): भोरे थाना क्षेत्र के महरादेउर गांव में बकरीद के दिन बच्चों के शौच को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। विवाद के दौरान एक महिला की लोहे की रॉड से बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई, जबकि आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जमकर प्रदर्शन किया। मृतका की पहचान सुनील चौहान की पत्नी सुमन देवी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि बच्चों के शौच करने को लेकर दो पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई। देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया। आरोप है कि इसी दौरान अतेश चौहान ने सुमन देवी पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ीं। घटना के बाद स्वजन और ग्रामीण आनन-फानन में उन्हें भोरे रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। घटना के बाद भाग रहे मुख्य आरोपी अतेश चौहान को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं स्थानीय थाने की पुलिस के देर से पहुंचने का आरोप लगाते हुए ग्रामीण उग्र हो उठे। सैकड़ों लोगों ने शव को सड़क पर रखकर भोरे-मीरगंज मुख्य पथ जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाकर आगजनी की तथा प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। तनावपूर्ण स्थिति की सूचना मिलते ही हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता, बीडीओ दिनेश कुमार सिंह तथा विजयीपुर समेत कई थानों की पुलिस भारी संख्या में मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने में जुट गई।