पटना। बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना सोमवार सुबह से पटना के एएन कॉलेज परिसर में जारी है। शुरुआती रुझानों में जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने बढ़त बना ली है। हालांकि, मतगणना अभी जारी है और अंतिम परिणाम आना बाकी है।
राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के उम्मीदवार तनवीर आलम 233 वोटों के साथ चौथे स्थान पर चल रहे हैं। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान हुआ था, जिसमें 34.30 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
इस चुनाव में भाजपा, राजद और जन सुराज पार्टी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिला। मतगणना सोमवार सुबह 8 बजे पोस्टल बैलेट की गिनती के साथ शुरू हुई। इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में दर्ज मतों की गिनती की जा रही है।
प्रत्येक राउंड के साथ उम्मीदवारों की स्थिति में बदलाव की संभावना बनी हुई है। मतगणना केंद्र एएन कॉलेज और उसके आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। 300 से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। केवल अधिकृत अधिकारियों, उम्मीदवारों, उनके एजेंटों और आपातकालीन सेवाओं से जुड़े लोगों को ही निर्धारित सुरक्षा क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति दी गई है। उधर, भाजपा ने सीट बरकरार रखने का भरोसा जताया है।
पार्टी कार्यकर्ताओं ने संभावित जीत के मद्देनजर जश्न की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। जानकारी के अनुसार, जीत की स्थिति में कार्यकर्ताओं और आम लोगों के बीच बांटने के लिए बड़ी मात्रा में लड्डू तैयार किए गए हैं। वहीं, सभी दलों की नजर अब आगामी राउंड की मतगणना पर टिकी हुई है, जिसके बाद चुनाव परिणाम की तस्वीर और स्पष्ट होगी।