BREAKING NEWS

लारक द्वीप पर अमेरिकी हमले के बाद तेहरान में हड़कंप, ट्रंप बोले- बड़े हमलों के लिए तैयार रहे ईरान...

लारक द्वीप पर अमेरिकी हमले के बाद तेहरान में हड़कंप, ट्रंप बोले- बड़े हमलों के लिए तैयार रहे ईरान...
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को ईरान के लिए एक और सख्त चेतावनी जारी की है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी सेना स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास ईरानी ठिकानों को लगातार निशाना बना रही है, और अगर ईरान ने इन हमलों का जवाब देने की हिमाकत की तो उसे और भी तगड़े हमले झेलने पड़ेंगे। अपने सोशल मीडिया पोस्ट में ट्रंप ने ईरान पर अमेरिकी हमलों को पूरी तरह से सही ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि ईरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में समुद्री बारूदी सुरंगे बिछाने की फिराक में था, लेकिन अमेरिकी कार्रवाई से वह नाकाम रहा। 


उन्होंने दावा किया कि ईरान द्वारा लगाई गई बारूदी सुरंगों को या तो हटा दिया गया या फिर डिटोनेट कर दिया गया। इसके अलावा, उन्होंने ईरान पर जॉर्डन में अमेरिकी ठिकानों पर मिसाइलें दागने का भी आरोप लगाया। अमेरिकी बलों ने रविवार को होर्मुज जलडमरूमध्य में लारक द्वीप पर ईरान के दो रॉकेट प्रक्षेपकों को निशाना बनाया था, जिसके बाद ईरान ने जॉर्डन और संयुक्त अरब अमीरात में अमेरिकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए थे।ट्रंप ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि अभी और बड़े हमलों का इंतजार कीजिए। उन्होंने ईरान को एक नाकाम देश बताते हुए कहा कि जब यह युद्ध खत्म होगा तो उनके लिए बहुत थोड़ा ही बचा रहेगा। उधर, ईरान के तेवर भी नरम नहीं पड़े हैं।


ईरानी रिवॉल्यूशनरी गार्ड के एक प्रवक्ता ने अमेरिका को चेतावनी दी है कि उसे इन हमलों के लिए अफसोस करना पड़ेगा। ईरानी मीडिया के अनुसार, दक्षिणी ईरान में, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास कई धमाके सुने गए हैं। बांदर अब्बास और कैशम द्वीप के पास कई धमाकों की आवाजें सुनी गई हैं, हालांकि इन रिपोर्टों की स्वतंत्र तरीके से पुष्टि नहीं हो पाई है। डोनाल्ड ट्रंप ने उन चिंताओं को भी खारिज किया है कि ईरान के साथ लंबे युद्ध से अमेरिकी सेना के संसाधनों पर दबाव पड़ रहा है। सोमवार को ओवल ऑफिस में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने इसे अपेक्षाकृत छोटा युद्ध बताया।


यह टिप्पणी पश्चिम एशिया में कई सप्ताह की अपेक्षाकृत शांति के बाद एक बार फिर संघर्ष तेज होने के बीच आई है। जब उनसे पूछा गया कि क्या ईरान के साथ युद्ध में सैन्य संसाधनों की इतनी खपत हो रही है कि उनकी कहीं और जरूरत पड़ सकती है, तो ट्रंप ने कहा कि यह हमारे लिए अपेक्षाकृत छोटा युद्ध है, कोई बड़ा युद्ध नहीं है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका के पास दुनिया भर में बहुत अधिक मात्रा में गोला-बारूद और युद्ध सामग्री तैनात है और जरूरत पड़ने पर वहां से अतिरिक्त आपूर्ति ली जा सकती है।

Subscribe Now