BREAKING NEWS

Bihar: CM सम्राट द्वारा मिले 'रक्षाबंधन उपहार' से खुद को सुरक्षित महसूस करेंगी बिहार की बेटियां

Bihar: CM सम्राट द्वारा मिले 'रक्षाबंधन उपहार' से खुद को सुरक्षित महसूस करेंगी बिहार की बेटियां
रक्षाबंधन के मौके पर बिहार सरकार ने महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। महिला सुरक्षा के लिए गठित ‘पुलिस दीदी’ यानी अभया ब्रिगेड को अब 4,700 स्कूटी और मोटरसाइकिलें उपलब्ध कराई जा रही हैं। सरकार ने इसके लिए कुल 66.75 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। इसमें 1,500 स्कूटी और 3,200 मोटरसाइकिल शामिल हैं। इस पहल का उद्देश्य स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, कोचिंग संस्थानों, बाजारों और गली-मोहल्लों में महिला पुलिसकर्मियों की पेट्रोलिंग को प्रभावी बनाना है। खासकर ऐसे संकरे और भीड़भाड़ वाले इलाकों में, जहां बड़े पुलिस वाहन आसानी से नहीं पहुंच पाते, वहां दोपहिया वाहनों के जरिए महिला पुलिसकर्मी तेजी से पहुंच सकेंगी।

बिहार के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में से एक है। उन्होंने बताया कि बिहार पुलिस में करीब 40 हजार महिला पुलिसकर्मी योगदान दे चुकी हैं। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद इन महिला पुलिसकर्मियों को विभिन्न जिलों में तैनात किया गया है। अब दोपहिया वाहन उपलब्ध होने से महिला पुलिसकर्मियों की गश्त और कार्रवाई की क्षमता बढ़ेगी। जरूरत के अनुसार अलग-अलग जिलों में महिला पुलिसकर्मियों और वाहनों की तैनाती की जाएगी।

डीजीपी के अनुसार, स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय परिसरों के आसपास विशेष निगरानी रखी जाएगी। छात्राओं के स्कूल-कॉलेज पहुंचने और छुट्टी के समय महिला पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती की जाएगी। इसके अलावा दिन के अन्य समय में भी आसपास के इलाकों में लगातार गश्त की जाएगी। इससे छात्राओं और महिलाओं के साथ छेड़छाड़, पीछा करने या परेशान करने जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है। पुलिस की लगातार मौजूदगी से असामाजिक तत्वों पर भी दबाव बढ़ेगा।

अभया ब्रिगेड के लिए उपलब्ध कराए जा रहे दोपहिया वाहनों का इस्तेमाल उन इलाकों में विशेष रूप से किया जाएगा, जहां चारपहिया पुलिस वाहन पहुंचने में कठिनाई होती है। महिला पुलिसकर्मी स्कूटी और मोटरसाइकिल के जरिए संकरी गलियों, बाजारों, कोचिंग क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले स्थानों तक आसानी से पहुंच सकेंगी। सरकार की योजना महिला सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की त्वरित पहुंच सुनिश्चित करने की है। किसी घटना की सूचना मिलने पर महिला पुलिसकर्मियों को मौके पर जल्द पहुंचने में भी मदद मिलेगी। डीजीपी विनय कुमार ने ‘पुलिस दीदी’ अभया ब्रिगेड को महिला सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा किसी भी घटना की स्थिति में पुलिस की त्वरित पहुंच सुनिश्चित करना है। 

Subscribe Now