* ग्राम पंचायत में 90 फीसदी आदिवासी महिलाओं का नेतृत्व
*200 महिलाएं आजीविका मिशन के लखपति क्लब में शामिल * प्रधानमंत्री 27 जून को आएंगे, लखपति बहनों से करेंगे संवाद
शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले का ग्राम पकरिया ने महिला सशक्तिकरण की मिसाल कायम की है। यहां ग्राम पंचायत में 90 फीसदी आदिवासी महिलाएं नेतृत्व कर रही हैं और इनमें से ही 200 आजीविका मिशन के स्व सहायता समूह से जुड़ कर आत्मनिर्भरता की राह पर हैं। ये महिलाएं लखपति क्लब में शामिल हैं। ये सभी अपने दम पर विभिन्न गतिविधियों- जैसे किराना दुकान, बकरी पालन आदि से साल भर में एक लाख रुपये शुद्ध आमदनी ले रही हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 27 जून को मध्य प्रदेश प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे शहडोल के इसी गांव पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री यहां जनजातीय समुदाय के प्रमुख लोगों और आजीविका मिशन से संचालित समूहों की लखपति बहनों से संवाद करेंगे।
शहडोल जिले की बुढ़ार जनपद के सीईओ मुद्रिका सिंह का कहना है कि पकरिया ग्राम पंचायत में महिलाओं का नेतृत्व सर्वाधिक हैं। इसे महिला सशक्तिकरण का आदर्श उदाहरण कह सकते हैं। आजीविका मिशन के स्वसहायता समूह से जुड़ कर महिलाएं आत्मनिर्भर भी बन रही हैं। यहां की आदिवासी महिलाओं ने मिसाल तो कायम की हैं, जिसमें सरकार की योजनाओं का बड़ा सहयोग है। पकरिया गांव की आबादी पांच हजार है, जिसमें सर्वाधिक 4700 लोग जनजातीय वर्ग से आते हैं। इस ग्राम पंचायत में जल्दीटोला, समदाटोला, सरकारी टोला आते हैं। 20 सदस्यों वाली इस ग्राम पंचायत में सरपंच सहित 14 पदों पर महिलाएं नेतृत्व कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि गांव में मतदाताओं की संख्या 2250 है। पकरिया ग्राम पंचायत में 20 वार्ड आते हैं, जिसमें से 13 पंच पदों पर महिलाएं काबिज हैं। इस पंचायत की वर्तमान सरपंच जनजातीय समुदाय की महिला है। गांव की जनता ने ग्राम पंचायत में उप सरपंच का दायित्व भी एक महिला को सौंप रखा है। सरपंच गेंदबाई बैगा लगातार पांच साल सरपंच रहीं, इसके बाद वह दोबारा गांव की कमान संभाल रही हैं। उप सरपंच रेखा दीपक चौधरी भी वर्तमान और पिछले पंचवर्षीय से निर्विरोध उप सरपंच का दायित्व संभालती चली आ रही हैं।
गांव की सरपंच गेंदबाई बैगा ने बताया कि पकरिया ग्राम पंचायत के समदा टोला और सरकारी टोला में रहने वाली 442 महिलाएं आजीविका मिशन के साथ जुड़कर चौका बर्तन के साथ स्वरोजगार भी कर रही हैं। ग्राम पंचायत में 29 समूहों का गठन किया गया है। इन समूहों के साथ मिलकर काम करने वाली 200 महिलाएं लखपति बन गई हैं। सरपंच, उपसरपंच, 13 महिला पंच व संचालित समूहों की महिलाएं प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन के साथ तैयारियां कर रही हैं।
27 जून को आएंगे प्रधानमंत्री मोदी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आगामी 27 जून को मध्य प्रदेश का एक दिवसीय प्रवास प्रस्तावित है। इस दौरान वे भोपाल में दो बड़े कार्यक्रमों में शामिल होंगे। यहां वे रानी कमलापति स्टेशन से दो वंदेभारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे और यहां पार्टी कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे शहडोल पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री यहां लालपुर हवाई पट्टी मैदान में सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद ग्राम पकरिया के जल्दी टोला में आदिवासी परिवेश में जनजातीय समुदाय से कोदो कुटकी सहित अन्य आदिवासी व्यंजन के साथ संवाद करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन युद्धस्तर पर तैयारियों में जुटा है। प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए 50 से अधिक आईपीएस अधिकारी तैनात किये जाएंगे। उनकी सुरक्षा में राज्य के अलावा केंद्र के भी आईपीएस अधिकारी शहडोल पहुंचेंगे। इसके साथ एमपी पुलिस के तीन हजार से अधिक जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। सुरक्षा की दृष्टि से शहडोल कलेक्टर वन्दना वैद्य ने ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबद्ध लगाया है। इसके साथ ही लालपुर पकरिया क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दी है। ग्राम पकरिया में प्रधानमंत्री को सुनने के लिए एक लाख से अधिक लोग पहुंचेंगे।
Leave Your Comment