सोनीपत । डेढ़ साल के एक बच्चे को गोली मारने का मामला सामने आया
है। गोली बच्चे की बाजू में लगी है। उसका महिला मेडिकल कॉलेज खानपुर में
उपचार चल रहा है। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने बच्चे की मां व दादा से
बातचीत की तो उन्होंने वारदात को लेकर कुछ भी बताने से इंकार कर दिया।
बच्चे का पिता घर से लापता है। पुलिस के एएसआई के बयान पर हत्या के प्रयास
का केस दर्ज हुआ है।
गोहाना सदर थाना पुलिस को 12 अप्रैल को शाम को
सूचना मिली थी कि लाठ गांव का एक बच्चा अयांस गोली लगने के घायल हो गया,
जिसको महिला मेडिकल कॉलेज खानपुर में उपचार के लिए लाया गया है। एएसआई नीरज
पुलिस टीम के साथ मेडिकल में पहुंचे। वहां पर बच्चे के साथ उसकी मां
हिमांशी और दादा जोरा सिंह गांव लाठ के निवासी मिले। पता चला कि घायल अयांस
का जन्म 27 अगस्त 2022 को हुआ है।
पुलिस ने घटना को लेकर
मां-दादा से जानकारी देने को कहा तो दोनों ने कोई भी बयान देने से मना कर
दिया। इसके बाद एएसआई नीरज ने बताया कि परिजन जान बूझकर सच्चाई छुपा रहे
हैं। पुलिस गांव लाठ में बच्चे के घर पर पहुंची। वहां पर फोरेंसिक टीम
बुलाई गई। घटनास्थल का निरीक्षण करवाया गया। खून के सैंपल लिए गए। पुलिस की
छानबीन में सामने आया कि डेढ़ साल के बच्चे को घर पर ही गोली लगी है। गोली
उसके पिता अजय ने ही चलाई थी।
पुलिस अभी जांच कर रही है कि
गोली किस स्थिति में चली। पिता ने बेटे को मारने का प्रयास किया है या
गोली किसी अन्य को मारते समय निशाना चूकने से बच्चे को लगी। थाना गोहाना
सदर में पुलिस के जांच अधिकारी नीरज के बयान पर केस दर्ज किया गया है।