logo

संकल्प सभा में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने माफियाओं को दी चुनौती ,बांग्लादेशियों को देश से खदेड़ने की कही बात


अररिया। अररिया में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने माफियाओं को बिहार से बाहर और बांग्लादेशियों को देश से बाहर भेजने की हुंकार भरी। सम्राट चौधरी अररिया में भाजपा उम्मीदवार प्रदीप कुमार सिंह के नामांकन सह संकल्प सभा में भाग लेने के लिए लोजपा रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान,लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा और जदयू नेता मंत्री रामनाथ ठाकुर के साथ पहुंचे थे।

शिवपुरी वार्ड संख्या नौ स्थित मैदान में जनसभा के दौरान सम्राट चौधरी ने जमीन माफिया,बालू माफिया एवं अन्य माफियाओं को कड़ी चेतावनी दी। साथ ही उन्होंने बांग्लादेशी को भी बिहार और भारत से बाहर खदेड़ने की बात कही। उन्होंने सावन माह के दौरान राहुल गांधी के मटन और नवरात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर में तेजस्वी प्रसाद और मुकेश सहनी के द्वारा मछली खाए जाने पर चुटकी लेते हुए विपक्षियों को सनातन विरोधी और भगवान राम को नहीं मानने वाला बताया।

लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने बिहार के लंबे समय तक पिछड़ेपन का मुख्य कारण बिहार और केन्द्र में अलग अलग सरकार के होने का कारण बताया। उन्होंने कहा कि बिहार में डबल इंजन की सरकार अब है और बिहार में विकास को कोई रोक नहीं सकता। उन्होंने उत्तरप्रदेश के तीव्र गति से विकास होने के पीछे केंद्र और राज्य में डबल इंजन की सरकार होना बताया।उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अर्थव्यवस्था के मामले में विश्व में पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था में शामिल हुआ।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि 10 सालों के दौरान भारत में 25 करोड़ परिवार गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं।उन्होंने प्रधानमंत्री गरीब जन कल्याण अन्न योजना को विश्व की सबसे बड़ी योजना करार दिया।

सभा में पूर्व डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद,सिकटी विधायक विजय कुमार मंडल, फारबिसगंज विधायक विद्यासागर केशरी, नरपतगंज विधायक जय प्रकाश यादव, रानीगंज विधायक अचमीत ऋषिदेव समेत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन घटक दलों के सभी जिला पदाधिकारी समेत भारी संख्या में लोग मौजूद थे।

संकल्प सभा में उपस्थित राज्यसभा सांसद रामनाथ ठाकुर ने कहा कि जिस संकल्प और उम्मीद के साथ पिछली बार आप अररिया की जनता ने कमल के बटन दबाकर प्रदीप कुमार सिंह को जिताकर प्रधानमंत्री मोदी जी का हाथ मजबूत किया और इन्हें सदन में भेजा। उसी प्रकार आज आपलोगों से आग्रह करने आया हूं की इस बार पुनः अररिया से प्रदीप कुमार सिंह को जिताकर प्रधानमंत्री मोदी जी हाथ मजबूत करें और विकसित अररिया निर्माण के संकल्पों को साकार करें।

राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा ने कहा की आपलोगों की भीड़ और उत्साह इस बात का प्रमाण है कि अररिया के लोगों ने प्रदीप कुमार सिंह को पुनः अपना सांसद बनाने का ठान लिया है। किसी को भी चिंता करने की जरूरत नहीं है हमारे प्रधानमंत्री मोदी जी को आप सभी की चिंता है।

नामांकन सभा का मंच संचालन भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्यनारायण झा कर रहे थे। इसके अतिरिक्त भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष संतोष सुराना, जदयू जिलाध्यक्ष आशीष पटेल, लोजपा (रा) जिलाध्यक्ष रणधीर पासवान, राष्ट्रीय लोकमोर्चा के जिलाध्यक्ष विकास मेहता, हम के जिलाध्यक्ष विष्णु ऋषिदेव, नरपतगंज के पूर्व विधायक देवयन्ती यादव, रानीगंज पूर्व विधायक परमानन्द ऋषिदेव, अररिया विधानसभा के पूर्व उम्मीदवार अजय कुमार झा, पूर्व जिलाध्यक्ष आलोक भगत, जदयू के प्रदेश सचिव रमेश राम, जदयू महिला मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष सुचित देवी, पूर्व जिलाध्यक्ष नारायण झा, जोकीहाट के पूर्व प्रत्याशी रंजीत यादव समेत सैकड़ों की संख्या में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन घटक दलों के प्रादेशिक व जिला सांगठनिक पदाधिकारी मौजूद थे।

Subscribe Now