logo

इलेक्टोरल बॉन्ड घोटाले को लेकर बोले राहुल- भ्रष्टाचार के चैंपियन हैं प्रधानमंत्री मोदी


*इलेक्टोरल बॉन्ड घोटाले को लेकर बोले राहुल- भ्रष्टाचार के चैंपियन हैं प्रधानमंत्री मोदी*

नई दिल्ली।इलेक्टोरल बॉन्ड घोटाले को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए मोदी को भ्रष्टाचार का चैंपियन बताया है। 

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में पत्रकार वार्ता करते हुए उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन का गीत भी जारी किया। 

देशवासियों को राम नवमी की शुभकामनाएं देते हुए राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अभी हाल ही में बहुत लंबा साक्षात्कार दिया था। इस स्क्रिप्टेड और फ्लॉप साक्षात्कार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इलेक्टोरल बॉन्ड योजना पारदर्शिता के लिए लाई गई थी। उन्होंने पूछा कि अगर यह योजना पारदर्शिता के लिए लाई गई थी तो सुप्रीम कोर्ट ने इसे रद्द क्यों किया। भाजपा को हजारों करोड़ रुपये का चंदा देने वालों के नाम क्यों छुपाए गए, चंदा देने की तारीखें क्यों छुपाई गईं ? कंपनियों को कॉन्ट्रैक्ट मिलते हैं, फिर वही कंपनियां भाजपा को चंदा देती हैं। जाँच एजेंसियां पहले कंपनियों पर छापेमारी करती हैं और फिर जाँच शुरू होने के 10-15 दिन बाद वही कंपनियां भाजपा को चंदा देती हैं। भाजपा को चंदा मिलने के बाद कंपनियों की जाँच बंद हो जाती है। इसे वसूली कहा जाता है। उन्होंने कहा कि इलेक्टोरल बॉन्ड योजना दुनिया का सबसे बड़ा वसूली रैकेट है। प्रधानमंत्री मोदी कुछ भी कहें, मगर देश जानता है कि मोदी भ्रष्टाचार के चैंपियन हैं। 

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि लोकसभा का चुनाव विचारधारा का चुनाव है। एक तरफ भाजपा और आरएसएस संविधान एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था को खत्म करने का प्रयास कर रहे हैं। दूसरी तरफ इंडिया गठबंधन संविधान और लोकतंत्र की रक्षा कर रहा है। आज देश के सबसे बड़े मुद्दे बेरोजगारी, महंगाई और भागीदारी हैं। मगर इन मुद्दों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा बात नहीं  करते हैं। 


राहुल गांधी ने कहा कि 15-20 दिन पहले उन्हें भाजपा की 180  सीटें आने का अनुमान था, पर अब राज्यों से जो रिपोर्ट्स मिल रही हैं , उनके अनुसार भाजपा 150 सीटों तक सिमट रही है। देश में कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के पक्ष में माहौल बन रहा है और देश में अंडरकरंट है। उत्तर प्रदेश में भी इंडिया गठबंधन मजबूत स्थिति में है और अच्छा प्रदर्शन करने जा रहा है।


कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पूरा ध्यान 20-25 लोगों पर है। देश में गरीबी का कारण है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 20-25 लोगों को पूरा धन पकड़ा दिया है। आज  दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों, सामान्य वर्ग के गरीब लोगों की कहीं भागीदारी नहीं है। केंद्र में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर जातिगत जनगणना कराई जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि पिछले 10 साल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जीएसटी और नोटबंदी लागू कर दी, बड़े-बड़े अरबपतियों का समर्थन किया। इससे रोजगार पैदा करने वाला सिस्टम खत्म हो गया। रोजगार के लिए कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में कई क्रांतिकारी ऐलान किए हैं। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में वादा किया है कि केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनने पर युवाओं को अप्रेंटिसशिप का अधिकार दिया जाएगा। इसमें युवाओं को प्रशिक्षण मिलेगा और एक लाख रुपए दिए जाएंगे। केंद्र में खाली पड़े 30 लाख सरकारी पदों को भरा जाएगा। इसके अलावा पेपर लीक रोकने के लिए कानून भी बनाया जाएगा। प्रत्येक गरीब परिवार की एक महिला को हर महीने साढ़े आठ हजार रूपये दिए जाएंगे। इस तरह महिलाओं को एक लाख रुपये सालाना मिलेंगे। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी देने और कर्जा माफ़ करने का भी वादा किया है। 

वहीं समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश से चल रही हवा देश में बदलाव लाने जा रही है।  इंडिया गठबंधन उत्तर प्रदेश में भाजपा का सफाया करने जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के हर वादे और हर बात झूठी निकली है। ना तो किसानों की आमदनी दोगुनी हुई और ना युवाओं को रोजगार मिला। भाजपा सभी भ्रष्टाचारियों का गोदाम बन गई है। झूठ और लूट भाजपा की पहचान बन गई है।  आज उत्तर प्रदेश में पेपर लीक हो रहे हैं। भाजपा ने युवाओं का भविष्य अंधकार में डाल दिया है। देश की जनता बदलाव लाना चाहती है। लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है।

इस दौरान कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी महासचिव जयराम रमेश, उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी अविनाश पांडे, कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत, गाजियाबाद लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी डॉली शर्मा, बुलंदशहर से कांग्रेस प्रत्याशी शिवराम वाल्मीकि, बागपत से समाजवादी पार्टी प्रत्याशी अमरपाल शर्मा, गौतमबुद्ध नगर से समाजवादी पार्टी प्रत्याशी महेंद्र नागर, पूर्व सांसद शाहिद सिद्दीकी, पूर्व मंत्री शाहिद मंजूर, समाजवादी पार्टी प्रवक्ता उदयवीर सिंह समेत अन्य नेता मौजूद थे।

Subscribe Now